महिला को जहर देकर हत्या का प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। अतिरिक्त दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल में विवाहिता को जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या का प्रयास किया गया। विवाहिता को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। जानकारी मिलने पर तहसीलदार ने उसके बयान लिए हैं। पीड़िता की मां ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला रैदासपुरी निवासी सरला पत्नी राजकुमार ने तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी पुत्री प्रियम की शादी मोहल्ले के ही युवक से नवंबर 2017 में की थी। सरला ने बताया कि शादी के बाद से ही युवक ने दहेज में गाड़ी की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर दामाद द्वारा लगातार बेटी की हत्या की धमकियां दी जा रही थी। सरला के मुताबिक सोमवार को ससुराल में बेटी को दामाद ने परिजनों के साथ मिलकर मारपीट के बाद खाने में मिलाकर जहर खिला दिया। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मेरठ रैफर कर दिया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की गुहार लगाई है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। उधर, जानकारी मिलने पर तहसीलदार ने पीड़िता के बयान भी लिए हैं।