हर्ष फायरिंग के आरोपी का चालान
भोपा। बेलड़ा में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग के दौरान छात्र की मौत हो गई थी। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक बीपी सिंह ने बताया कि ग्राम बेलड़ा में 28 अक्टूबर 2018 की शाम हर्ष फायरिंग में छात्र आदिल गोली लगने से घायल हो गया था। दिल्ली अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने चार आरोपियों अजमत, फिरोज, फरीद, शाहरुख के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी अजमत को रविवार सुबह सीकरी-भोकरहेड़ी मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक तमंचा बरामद हुआ है। फिरोज, फरीद व शाहरुख को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
पशु चिकित्सक की हत्या में संदिग्ध से पूछताछ
भोपा। दस दिन पूर्व हुई मोरना निवासी पशु चिकित्सक सतीश मलिक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। डा. सतीश मलिक का बोरे में बंद शव गन्ने के खेत से बरामद किया था। पुलिस हत्या के मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर चुकी है। रविवार को पुलिस ने एक संदिग्ध बंगाली युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बताया जाता है कि हिरासत में लिए गए युवक से पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। डॉक्टर की मोटर साइकिल की भी पुलिस तलाश कर रही है।
घर में घुसे युवक की पिटाई कर पुलिस को सौंपा
भोपा। घर में घुसे युवक की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया गया। क्षेत्र के एक गांव में शनिवार देर रात्रि हंगामा खड़ा हो गया। ग्रामीणों ने एक घर में घुसे युवक को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची डायल 100 पुलिस आरोपी युवक को थाने ले गई। उधर कुछ लोग इस मामले में समझौता कराने में जुुटे हैं। थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।