बेटी और देवरानी को लेकर प्रेमी संग फरार
मुजफ्फरनगर। गांव से विवाहिता अपनी मासूम बेटी और देवरानी को लेकर अपने प्रेमी संग फरार हो गई। विवाहिता के पति ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली के गांव निवासी युवक ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसकी शादी 2006 में हुई थी। आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का आचरण ठीक नहीं था और उसके बागपत निवासी एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। उसकी पत्नी अपने पास एक मोबाइल छिपाकर रखती थी, जिसके माध्यम से वह अपने प्रेमी से लगातार बात करती थी। परिजनों ने विवाहिता का मोबाइल बरामद कर लिया था। उसे अनेक बार समझाने की कोशिश की, मगर वह बाज नहीं आई। आरोप है कि विवाहिता सोमवार 11 सितंबर की रात अपनी सात वर्ष की बेटी और देवरानी को लेकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।
छात्रों के दो गुटों में हुआ झगड़ा
मुजफ्फरनगर। रोडवेज के पास एक इंटर कालेज में छात्रों के दो गुटों में संघर्ष हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक हमलावर को हिरासत में ले लिया, जबकि बाकी फरार हो गया। बृहस्पतिवार को रोडवेज बस स्टैंड के पास इंटर कालेज के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। छात्रों के बीच जमकर बेल्ट और लात-घुसे चले। इसी दौरान किसी ने पुलिस को झगड़े की सूचना दी। सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और एक छात्र को पकड़ लिया। बाकी हमलावर फरार हो गए। कुछ समय बाद दोनों पक्षों के अभिभावक थाने पहुंचे और पुलिस के सामने दोनों के बीच समझौता करा दिया। पुलिस ने पकड़े गए छात्र को भी छोड़ दिया।