अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेसियों का सत्याग्रह
मुजफ्फरनगर। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और सभी प्रकोष्ठों ने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन किया। तहसील के सामने और कलक्ट्रेट में कांग्रेस कार्यकर्ता सत्याग्रह पर बैठे। उन्होंने केंद्र सरकार से अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग की।
जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा के नेतृत्व में केंद्र की अग्निपथ योजना का विरोध किया गया। योजना को सैनिक बलों की परंपराओं और लोकाचार को नष्ट करने वाली बताया गया। एक दिवसीय शांति पूर्ण सत्याग्रह कलक्ट्रेट कार्यालय पर किया। सुबोध शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाई गई यह योजना युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ है। इस योजना से चार साल बाद युवा बेरोजगार हो जाएंगे। इससे हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा व हमारे सशस्त्र बलों के मनोबल पर भी बहुत बुरा प्रभाव पड़ेगा। छ: महीने की ट्रेनिंग के बाद युवाओं को यह भी जानकारी नहीं होगी कि उनका आर्मी में कैडर क्या होगा। आर्मी में जहां जवान चार सालों की ट्रेनिंग के बाद एक परिपक्व सैनिक बनता है, वहीं छह महीने में देश की सीमा पर लड़ने के लिए योद्धा तैयार नहीं हो सकता।
कार्यवाहक शहर अध्यक्ष अब्दुल्ला आरिफ़, गुफरान काजमी, महफूज राणा, तारिक़ कुरैशी, बृजभूषण शर्मा, युगल किशोर भारती, हकीम जफर महमूद, मुकेश शर्मा, मदन मोहन शर्मा, विनोद धीमान, धीरज महेश्वरी, मुकुल शर्मा, सगीर मलिक, विक्रांत पवांर, आकाश त्यागी, रजत सिंघल, लियाकत राणा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं, तहसील के सामने पूर्व मंत्री दीपक कुमार के नेतृत्व में सत्याग्रह किया गया। उन्होंने कहा कि रोजगार के नाम पर युवाओं को छला जा रहा है। उनके सपनों से खेला जा रहा है। कांग्रेस इसका हर स्तर पर विरोध करेगी। इस अवसर पर गोपाल शर्मा ने भी विचार रखे।