मुजफ्फरनगर। गांव कूकड़ा में ट्यूशन की बकाया फीस को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। जिसमें महिला सहित दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने तीन लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव कूकड़ा के अमित विहार निवासी हरबीर का बेटा सनी मोहल्ले में ही सोनू के यहां ट्यूशन पढ़ता था। सोनू के ट्यूशन फीस के कुछ रुपये सनी पर बकाया था, जिसे लेकर हरबीर व सोनू के बीच मंगलवार को कुछ कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चल गए। संघर्ष में दोनों पक्षों से ममता और सोहनलाल सिर फटने से लहूलुहान हो गए, जबकि कई अन्य लोगों को भी चोटें आईं।
पुलिस ने दोनों पक्षों से तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। इनमें हरबीर, सोहनलाल और मोहन पाल शामिल हैं। तीनों आरोपियों का बाद में शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया। उधर, मोहल्ला गांधीनगर निवासी आशु गुप्ता और गांव शेरनगर निवासी सोनू का भी पुलिस ने राहगीरों से मारपीट किए जाने पर शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया है।