नुमाइश मैदान में सोमवार को अनोखी दुनिया देखने को मिली। जुड़वा बच्चों के सम्मेलन में लोगों की काफी भीड़ रही। कई परिवार ऐसे निकले, जिनमें लगातार चार बच्चे जुड़वा हैं। जुड़वापन में कोई अंतर नहीं मिलने पर कुछ चयनित जोड़ियों को सम्मानित किया गया।
नुमाइश मैदान में जिला प्रशासन की ओर से लगाई गई कृषि औद्योगिक प्रदर्शनी में जुड़वा सम्मेलन का आयोजन किया गया। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में जनपद के साथ आसपास के क्षेत्रों से जुड़वां बच्चे पहुंचे। जुड़वा बच्चों को देखकर उत्साह देखते ही बन रहा था। जुड़वां बच्चों और किशोरों का मेगा शो हुआ। करीब 300 से अधिक जुड़वां बच्चे कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे।
कई परिवार ऐसे निकले, जिनके घर में तीन बार जुड़वा बच्चे पैदा हुए। कार्यक्रम में तीन कैटेगिरी में बच्चों का सम्मेलन हुआ। बच्चों की हू-ब-हू जोड़ी देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। इसके बाद बेबी शो का आयोजन किया गया। नुमाइश मैदान के पंडाल में मासूमों ने अनोखी अठखेलियां कर सबका मन जीत लिया। कार्यक्रम में बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया गया।
चिकित्सकों की टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। विजेता बच्चों को शील्ड और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सीडीओ अंकित कुमार, सीएमओ डॉ एसके जैन, सिटी मजिस्ट्रेट मोहम्मद नईम, डॉ गीतांजलि वर्मा, संजीव चौधरी, विकास बालियान, गौहर सिद्दीकी, रणधीर सिंह, असद जमा आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ गीतांजलि वर्मा ने किया।
भगवान का विशेष आशीर्वाद मिला
मुजफ्फरनगर। नुमाइश ग्राउंड में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के बेटे गौरव टिकैत अपने जुड़वां बच्चों रघु और वंश को लेकर पहुंचे। जुड़वां बच्चों को वह भगवान की कृपा मानते हैं। नई मंडी निवासी राहुल माहेश्वरी अपने जुड़वां बेटों को भगवान की असीम कृपा मानते हैं। भगवान के विशेष आशीर्वाद से कुदरत ने उन्हें खास तोहफा दिया है। राहुल की पत्नी वीनश माहेश्वरी ने एक जुलाई वर्ष 2015 को जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। जिनमें एक नाम ऋदम और दूसरे बेटे का व्योम है।
मजदूर के घर बरसी नेमत
मुजफ्फरनगर। गांव हुजूर नगर निवासी आसिफ पेशे से मजदूर हैं, लेकिन उसकी पत्नी समरजहां ने पहले दो जुड़वां बेटियों को जन्म दिया। इसके बाद जुड़वा के रूप में ही एक बेटा और एक बेटी का जन्म हुआ।
जुड़वा शो के विजेता बच्चे
पांच साल तक के ऋदम और व्योम प्रथम, अलीषा और सिंदरा द्वितीय, श्री एवं भूमि तृतीय स्थान पर रहे। छह से 14 वर्ष में अभिषेक-अनिकेत, लक्ष्य-अश्रेय द्वितीय, अंश-वंश तृतीय, पंद्रह वर्ष से अधिक वर्ग में ज्योति एवं आयुषी प्रथम, आरिफ बेग-खलील बेग द्वितीय, गौरव-सौरव तृतीय रहे। बेबी शो में चारवी मित्तल, आयजा, ओजस्व पहले तीन स्थानों पर रहे। सृष्टि को सांत्वना पुरस्कार मिला।