मुजफ्फरनगर। न्याय पार्टी द्वारा आयोजित पिछड़ा वर्ग महासम्मेलन में जाति आधारित जनगणना की मांग जोर शोर से की गई । सम्मेलन में न्याय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसपी सिंह ने कहा कि पिछड़ा वर्ग आज एक जुट हो गया है और अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ने का संकल्प ले चुका है । पिछड़े वर्ग की मांग है कि उसे उसकी संख्या के हिसाब से राजनीती, शासन प्रशासन, नौकरियों में 54 प्रतिशत की भागीदारी दी जाए।
उन्होंने कहा कि जातिगत आधार पर जनगणना कराई जाए। सरकारी नौकरियों में बैकलॉग का पिछड़ी जातियों का कोटा भरा जाए। हम अपनी भावी पीढ़ी को भीख मांगने के लिए नही छोड़ सकते। पिछड़े वर्ग के लोग जाग गए हैं और अब अन्याय उत्पीड़न सहन नही करेंगे। हम अपने अधिकारों का हनन कराने को तैयार नही हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महावीर पांचाल ने कहा कि सरकार अब पिछड़ों की परीक्षा न लें। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयपाल पांचाल ने कहा कि पिछड़े वर्ग के लोग काफी समय से जातिगत जनगणना की मांग कर रहे हैं, किंतु सरकार आंख कान बंद किए बैठी है। प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार धीमान ने कहा कि आज हर ओर पिछड़ों का उत्पीड़न हो रहा है। सरकार इस पर ध्यान दे। कार्यक्रम का संचालन रविदत्त धीमान, डॉ सोमपाल, राजेंद्र शर्मा, जयपाल पांचाल, डॉ कैलाश बाबु ने किया। गाजियाबाद की मुरादनगर विधान सभा सीट से प्रेरणा सोलंकी के नाम की घोषणा की गई। सम्मेलन में मांगेराम, अनंत धीमान, आनंद प्रकाश टांक, अनिल विश्वकर्मा प्रवीण, डॉ सुभाष आदि ने विचार रखे।