लापरवाही पर बीएलओ को लगाई फटकार
मुजफ्फरनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी, डीएम चंद्र भूषण सिंह एवं सीडीओ आलोक कुमार यादव ने जिले के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। बूथों पर संचालित विशेष अभियान के चतुर्थ दिवस पर बूथों के निरीक्षण के दौरान उपस्थित सुपरवाइजर और संबंधित बीएलओ को निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर बीएलओ को फटकार भी लगाई।
उन्होंने सर्वप्रथम पिकेट इंटर कालेज, खतौली का निरीक्षण किया जहां स्थापित बूथ 314 और 333 पर उपस्थित बीएलओ से की जाने वाली कार्रवाई का संक्षिप्त ब्योरा लिया। बूथ पर तैनात बीएलओ द्वारा सर्वे का कार्य पूर्ण किया जाना बताया गया। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज भैंसी का निरीक्षण किया जहां बूथ क्रमांक 124 एवं 125, 126, 127, 128, 129, 130 पर सर्वे का कार्य अभी तक पूर्ण न करने, अपने बूथ के संबंध में प्रश्न करने पर कोई स्पष्ट उत्तर न दिए जाने एवं मतदाता पंजीकरण जैसे प्राथमिक कार्य में शिथिलता पाए जाने पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दो दिवसों में सर्वे कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उसके उपरांत ब्लॉक संसाधन केंद्र/कम्पोजिट विद्यालय भैंसी के बूथ संख्या 128, 129, 130 का निरीक्षण किया। कार्य पूर्ण न करने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने सभी बीएलओ से किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा करते हुए यह निर्देश दिए कि समस्त बीएलओ द्वारा 18 से 19 वर्ष तक के छात्र छात्राओं के फॉर्म-6 भराकर उन्हें मतदाता बनाए जाने के साथ ही लिंगानुपात बनाए रखे जाने को मुख्य रूप से शत-प्रतिशत महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल किया जाए।
जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी हो उनका भी नाम मतदाता सूची से हटाए जाने हेतु सर्वे पूर्ण करते हुए दिव्यांग मतदाता का ब्योरा भी रखा जाए, अब यह विशेष अभियान अंतिम पायदान पर है, इसलिए आप लोग इस कार्य को विशेष रूप से करें और उन्होंने कहा बीएलओ घर घर जाकर सर्वे कर शत-प्रतिशत मतदाताओं को सूची में अंकित करें।