किसान आंदोलन के समर्थन में भाकियू कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर मार्च निकाला। मुजफ्फरनगर जिले में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने एसएसपी ऑफिस में पुलिसकर्मियों को पीछे धकेलकर जबरन ट्रैक्टर घुसा दिए गए। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि किसान तैयारी रखें। हालात बेहद खराब हैं, कभी भी विस्फोट हो सकता है। संयुक्त किसान मोर्चा ने बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में बैठक बुलाई है। हरिद्वार से दिल्ली तक ट्रैक्टर श्रृंखला के प्रस्ताव पर चंडीगढ़ में फैसला होगा।
बुधवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भाकियू कार्यकर्ता ट्रैक्टरों पर सवार होकर कलक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान किसानों ने एसएसपी ऑफिस के बंद गेट को ट्रैक्टर से धकेलकर खुलवा दिया। पुलिसकर्मियों ने रोकने की कोशिश की तो उन्हें पीछे धकेल दिया गया। इसके बाद कलक्ट्रेट में हुई पंचायत में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि पूरी दुनिया का किसान एक है।