युवती को घर में खींचकर दुष्कर्म की कोशिश
मीरापुर/रामराज (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के एक गांव में युवती को घर में खींचकर दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती के पूर्व में खींचे गए अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता के परिजनों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
रामराज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि तीन दिन पूर्व उसकी बेटी गांव में ही एक व्यक्ति के यहां आयोजित जन्मदिन कार्यक्रम में जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही दो युवकों ने उसे एक घर में खींच लिया और छेड़छाड़ करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने युवती से सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती को उसके पूर्व में खींचे गए अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता ने किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर जान बचाते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी। युवती के पिता का कहना है कि आरोपियों द्वारा करीब एक माह पूर्व भी उसकी बेटी को बहाने से अपने घर बुलाकर अश्लील हरकतें की गईं थीं, जिसके फोटो मोबाइल से खींच लिए गए थे। आरोपियों ने सोमवार को इन्हीं फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।