खतौली के गांव रसूलपुर कलौरा में पंतग के मांझे से हुई युवक की मौत के बाद विलाप करता हुआ परिवार।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मांझे से अजय की मौत से परिवार में मचा कोहराम
मुजफ्फरनगर, खतौली। मेरठ जनपद के मोदीपुरम में पतंग के मांझे की चपेट में आने से गांव रसूलपुर कलौरा निवासी अजय की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पूरे गांव में युवक की मौत से चूल्हा तक नहीं जला। शुक्रवार सुबह गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर कलौरा निवासी अजय मेरठ जनपद के कस्बा लावड़ में रहते हुए मेरठ में बी-फॉर्मा कर रहा था। बृहस्पतिवार को वह मोदीपुरम फेस-1 स्थित हॉस्पिटल में काम पर जा रहा था। इसी दौरान गले में पतंग का मांझा आकर लिपटने से उसकी गर्दन कट गई। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। परिवार में तीन भाइयों में सबसे छोटे अजय की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। युवक की मां ब्रिजेश और बहन भाई को याद कर बार-बार बेहोश हो रही थी। पिता चंद्रपाल सैनी की स्थिति भी ठीक नहीं थी, जिन्हें रिश्तेदार व पड़ोसी हिम्मत देते रहे। शुक्रवार सुबह उसका गांव के श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। आसपास क्षेत्र के गण्यमान्य लोगों के साथ ही अन्य लोगों ने भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना दी। सपा नेता शिवान सैनी भी युवक के घर पहुंचे।