अनाधिकृत टिकट बुक कर बेच रहा एजेंट गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। आरपीएफ टीम ने बुधवार देर रात शाहपुर में दबिश देकर अपनी पर्सनल आईडी पर अनाधिकृत टिकट बुक कर ब्लैक में बेच रहे रेलवे टिकट एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से गैर कानूनी रूप से पर्सनल आईडी पर बनाए गए 18 रेलवे टिकट बरामद किए गए। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
आरपीएफ टीम ने बुधवार देर रात शाहपुर कस्बे में मेन मार्केट स्थित एक ऑफिस पर दबिश देकर युवक को हिरासत में लिया। आरपीएफ थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मौके से पकड़े गए युवक का नाम अनुपम सैनी है, जो रेलवे टिकट एजेंट है। आरोपी के पास से अपनी पर्सनल आईडी पर बनाए गए करीब 44 हजार रुपये कीमत के 18 रेलवे टिकट बरामद किए गए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि टिकट एजेंट को एक दिन में अपनी रेलवे द्वारा दी गई आईडी पर छह टिकट बनाकर देने की अनुमति दी गई है, जिस पर उन्हें नियमानुसार कमीशन दिया जाता है। आरोपी अनुपम सैनी द्वारा इससे इतर अपनी पर्सनल आईडी पर ही टिकट बुक कर उन्हें ब्लैक किया जा रहा था। नियमानुसार, एक व्यक्ति अपनी पर्सनल आईडी पर एक माह में केवल छह टिकट ही बुक कर सकता है, लेकिन आरोपी द्वारा लगातार अपनी पर्सनल आईडी पर टिकट बुक किए जा रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर रेलवे हेड ऑफिस से उन्हें कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिस पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी टिकट एजेंट अनुपम सैनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गयाष, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।