डेढ़ साल बाद कोरोना मुक्त हुआ जनपद
मुजफ्फरनगर। बुधवार को जनपद कोरोना मुक्त हो गया। कोरोना संक्रमण के दौर में डेढ़ साल बाद ऐसा दिन आया है, जब जनपद में एक भी मरीज कोरोना का नहीं रहा। यह हर्ष की बात है, मगर अभी कोरोना कम हुआ है, खत्म नहीं, इसलिए कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग अभी भी रोजाना 2900 लोगों का सैंपल लेकर जांच को भेज रहा है।
वैश्विक महामारी का कारण बने कोरोना संक्रमण ने जनपद में भी कोहराम मचाया है। बीते डेढ़ साल से जनपद भी कोरोना संक्रमण से लड़ रहा है। पिछले साल आठ अप्रैल को जनपद में कोरोना का पहला केस मिला था। सिसौली की महिला के अलावा पुरकाजी और शेरनगर गांव में कोरोना संक्रमित मिले थे। पिछले साल सितंबर माह में सबसे ज्यादा 2744 मरीज मिले थे। इसके बाद से कोरोना संक्रमण का फैलाव कम होता गया। फरवरी माह में कोरोना के मरीज घटते हुए चार तक पहुंच गए थे। लोगों ने समझा कि कोरोना संक्रमण खत्म हो गया है, यह सबसे बड़ी भूल थी। मार्च शुरू होते ही कोरोना संक्रमण का फैलाव भी बढ़ता गया। मार्च माह में आठ हजार कोरोना के मरीज आ चुके थे तथा 110 नागरिकों की मौत हो गई थी। अप्रैल और मई माह में कोरोना संक्रमण ने कहर बरपा दिया। दो माह में ही करीब 22 हजार लोग कोरोना की चपेट में आए तथा सरकारी आंकड़ों के अनुसार 158 लोगों की मौत हुई। मई माह के बाद संक्रमण कम होता गया। बीते छह दिनों से कोई नया मरीज नहीं मिला। बुधवार को एक बचा मरीज भी स्वस्थ हो गया। बुधवार को बीते डेढ़ साल में पहली बार जनपद कोरोना मुक्त हुआ है। अभी तक जनपद में 30644 मरीज कोरोना के मिले हैं, जिनमें से 30575 मरीज ठीक हो चुके है। 269 लोगों की मौत हो चुकी है। बुधवार को कोई भी एक्टिव केस जनपद में नहीं रहा। बुधवार को भी 1274 सैंपलों की जांच रिपोर्ट मिली, जो सभी निगेटिव है।
5898 लोगों का हुआ टीकाकरण
मुजफ्फरनगर। सीएमओ डॉ महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि बुधवार को जनपद में 5898 लोगों का कोरोना टीकाकरण किया गया। सभी टीकाकरण केंद्रों पर 3822 लोगों को टीकाकरण किया गया, जिनमें से 3162 लोगों को प्रथम डोज लगाई गई तथा 660 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। इसके अलावा ऑनलाइन स्लॉट लेकर 18 से 44 आयु वर्ग में 2076 लोगों ने अपना टीकाकरण कराया है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवर यानि आज 37 स्थानों पर टीकाकरण किया जाएगा।