युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
मुजफ्फरनगर। मदीना कॉलोनी में पांच दिन पूर्व आत्महत्या करने वाले युवक के पिता ने पुत्रवधू और उसके परिजनों पर बेटे को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में तहरीर दी है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मदीना कॉलोनी निवासी सोनिया उर्फ फरहा का निकाह वर्ष 2007 में रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव कितास निवासी शहजाद से हुआ था। गत दस अक्तूबर को शहजाद ने मदीना कॉलोनी स्थित ससुराल में जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में शहजाद के पिता जहीरुद्दीन ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पुत्रवधू सोनिया उर्फ फरहा व उसके परिजन शहजाद को निकाह के बाद से ही प्रताड़ित करते आ रहे थे। करीब डेढ़ साल पूर्व पुत्रवधू शहजाद से झगड़ा कर मायके चली आई थी, जिसे कई बार लाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह ससुराल नहीं आई। इस पर दस अक्तूबर को शहजाद पत्नी को लेने मदीना कॉलोनी आया था, जहां उनके व्यवहार से क्षुब्ध होकर उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।