मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना में निर्माणाधीन मेरठ-करनाल हाईवे के किनारे खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार मेरठ के सरूरपुर थाने के होमगार्ड नगवा निवासी तेजपाल कश्यप (50) और अनिल कश्यप (28) की मौत हो गई। दोनों बुढ़ाना से अपने गांव लौट रहे थे। दोनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। घना अंधेरा होने की वजह से स्कूटी सवार ट्रैक्टर को नहीं देख पाए।
बुढ़ाना क्षेत्र के गांव नगवा निवासी किसान अनिल कश्यप (28) पुत्र बिजेंद्र और मेरठ के सरुरपुर थाने में तैनात होमगार्ड तेजपाल कश्यप (50) पुत्र प्रसादा बुधवार शाम किसी काम से बुढ़ाना आए थे। रात लगभग साढ़े आठ बजे दोनों स्कूटी पर सवार होकर वापस गांव लौट रहे थे। जब वे मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव नगवा व अटाली के बीच पहुंचे तो सड़क किनारे पर खड़े ट्रैक्टर ट्राली से स्कूटी की टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को बुढ़ाना सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: सीने में थी बदले की आग: सड़क पर तड़पते रहे दंपती, चाकू से ताबड़तोड़ वार करते रहे आरोपी, खौफनाक है ट्रिपल मर्डर की कहानी
दोनों की पहचान करने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी, लेकिन मौके पर पहुंचे कुछ ग्रामीणों पुलिस को पंचनामा भरने से रोक दिया। उनका कहना था कि पुलिस मृतकों के परिजनों के आने का इंतजार करे, इसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाए।
बुढ़ाना कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि स्कूटी सवार दोनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था।
यह भी पढ़ें: 11 गिरफ्तार: इतने बड़े गिरोह का पर्दाफाश, बरामद हुए 2.50 करोड़ के मोबाइल, श्रीलंका और चीन समेत इन देशों में करते थे सप्लाई