पीसीआर से होंगी रोजाना 800 जांच
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण की जांच के लिए कूकड़ा के एएनएम सेंटर में पीसीआर लैब बनकर तैयार हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने स्टाफ नियुक्त कर दिया है। उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाइज कार्पोरेशन से 15 तरह के उपकरण मिलते ही इसी माह लैब में कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यहां रोजाना आठ सौ जांच होगी सकेगी। इससे जिले के सैंपलों की जांच के लिए मेरठ पर निर्भरता नहीं रहेगी।
सीएमओ डॉ. एमएस फौजदार ने बताया कि एएनएम ट्रेनिंग सेंटर के परिसर में बीएसएल-2 प्रयोगशाला बनकर तैयार हो गई है। लैब में दो नॉन मेडिकल साइंटिस्ट, तीन प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ, दो प्रयोगशाला सहायक और एक डाटा एंट्री ऑपरेटर नियुक्त कर दिए गए हैं। मेडिकल सप्लाइज कार्पोरेशन से इसी माह दिवाली के बाद उपकरण मिलते ही लैब पर जांच शुरू हो जाएगी। लैब की क्षमता रोजाना आठ सौ जांच की है, जिससे दूसरे जिले में सैंपल भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सिविल और विद्युतीकरण कार्य पूरा
सीएमओ ने बताया कि पीसीआर लैब के लिए सिविल कार्य, विद्युतीकरण और अन्य स्थानीय स्तर पर होने वाला कार्य पूरा हो गया है। विभागीय निरीक्षण भी पूरा करा लिया गया है।
सीसीटीवी कैमरे की रहेगी निगरानी
लैब में चार सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि यहां सुरक्षा व्यवस्था के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
डेंगू और स्वाइन फ्लू की भी जांच
लैब में सिर्फ कोरोना की आरटीपीसीआर जांच ही नहीं, बल्कि डेंगू और स्वाइन फ्लू की जांच भी हो सकेगी। जिले के लोगों को लैब शुरू हो जाने पर सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग को अपने सैंपल मेरठ और अन्य जिलों में नहीं भेजने पड़ेंगे।