मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)।
नेशनल हाईवे पर जड़ौदा के पास बुधवार की रात कार ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। कार चालक सैनिक और उसका साथी गंभीर रुप से घायल हो गए। अस्पताल में सैनिक की मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मचा है।
मुजफ्फरनगर के मोहल्ला रामपुरी निवासी विकास शर्मा (32) की तैनाती मेरठ कैंट में वायरलेस विभाग में थी। वह छुट्टी पर अपने घर पर आया हुआ था। बुधवार को वह अपने साथी इंदिरा कालोनी निवासी मनोज के साथ स्विफ्ट कार से मेरठ कैंट में छुट्टी बढ़वाने के लिए गया गया। बुधवार की रात दोनों मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। हाईवे पर जड़ौदा के निकट मंसूरपुर शुगर मिल में गन्ना डालकर वापस जा रहे किसान अपनी खाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को आपस में एक दूसरे से आगे निकालते हुए चल रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट कार ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे जा घुसी। हादसे में विकास और मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उपचार के दौरान विकास की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के दौरान चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे मेें ले लिया। मृतक के भाई आकाश ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।