टायरों के गोदाम में लगी भीषण आग
मुजफ्फरनगर। शहर के जानसठ रोड पर गांव शेरनगर के पास स्थित पुराने टायरों के गोदाम में मंगलवार देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया, जिससे गोदाम में भरा लाखों का माल जलकर नष्ट हो गया। टायर गोदाम अवैध बताया जा रहा है, जिसके चलते देर रात तक उसके मालिक का सुराग नहीं लग पाया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के जानसठ रोड पर गांव शेरनगर के पास स्थित एक पुराने टायरों के गोदाम में मंगलवार देर रात अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते उसने गोदाम में रखे सभी पुराने टायरों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पाकर मंडी कोतवाली इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद दमकल विभाग को भी मौके पर बुला लिया गया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की दो गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में मौजूद लाखों के टायर आग की भेंट चढ़ चुके थे। हैरत यह कि भीषण अग्निकांड होने के बावजूद देर रात तक गोदाम मालिक न तो थाने पहुंचा, न ही घटनास्थल पर और न ही आसपास के लोग उसके संबंध में कुछ जानकारी दे पाए। इसके चलते गोदाम अवैध होने की आशंका जताई जा रही है। इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह का कहना है कि मालिक की तलाश की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।