ग्रामीण का शव रखकर जाम लगाया
छपार (मुजफ्फरनगर)। मंगलवार देर रात बरला-बसेड़ा मार्ग पर गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर साइकिल सवार ग्रामीण की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। ग्रामीण की मौत से गुस्साए परिजनों और लोगों ने शव को सड़क पर रख कर हंगामा करते हुए बरला-बसेड़ा मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीण मौके पर आला अफसरों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
छपार के गांव बरला निवासी सागर बसेडा-बरला मार्ग का निर्माण कर रही ऐरा कंपनी के गोदाम पर चौकीदार के रूप में कार्यरत है। मंगलवार देर रात सागर का बेटा बिजेंद्र उर्फ कल्लू (45) घर से साइकिल पर सवार होकर अपने पिता का खाना लेकर गोदाम पर जा रहा था। रास्ते में उत्तम शुगर मिल में गन्ना लेकर जा रहे ट्रैक्टर ट्राली ने उसे अपनी चपेट में लेकर टक्कर मार दी। ट्राली के नीचे आकर कुचले जाने से बिजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को लेकर और गन्ने से भरे ट्राली को छोड़ कर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर ग्रामीण मौके पर आ गए। परिजन भी रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की भीड़ बढ़ती गई। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख कर बसेड़ा-बरला मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर छपार पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत करने का प्रयास किया। अधिकारियों की बुलाने की मांग पर देर रात तक ग्रामीण मौके पर ही जाम लगाए हुए बैठे थे।