बिना यूनिफार्म स्कूल जाते रहे 24 हजार छात्र-छात्राएं
मुजफ्फरनगर। जिले में नए शिक्षा सत्र के लिए यूनिफार्म देने की तैयारी शुरू हो गई है जबकि पिछले साल के 24 हजार छात्र-छात्राओं को अभी तक यूनिफार्म नहीं मिली है। वे बिना यूनिफार्म के ही साल भर स्कूल आते रहे। बजट नहीं मिलने से उन्हें यूनिफार्म नहीं दी जा सकी। इस बार भी अभी बजट नहीं मिला है लेकिन यूनिफार्म के क्रय आदेश जारी किए जा रहे हैं।
जिले के परिषदीय स्कूलों में करीब एक लाख 44 हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इन्हें प्रतिवर्ष दो जोड़ी यूनिफार्म निशुल्क दी जाती है। पिछले वर्ष करीब एक लाख 20 हजार छात्र-छात्राओं के लिए यूनिफार्म का बजट जारी हुआ था जबकि 24 हजार छात्र-छात्राएं यूनिफार्म से वंचित रह गए। इस बार यूनिफार्म वितरण का कार्य स्वयं सहायता समूहों को दिया जा रहा है। बजट अभी नहीं मिला है लेकिन क्रय आदेश जारी किए जा रहे हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर समूह कैसे करेंगे वितरण
बिना बजट जारी किए आर्थिक रूप से कमजोर स्वयं सहायता समूह यूनिफार्म का वितरण कैसे करेंगे, यह बड़ा सवाल है। इसी का फायदा उठाते हुए कुछ ठेकेदार सक्रिय हो गए हैं। वे स्वयं सहायता समूहों से संपर्क साध रहे हैं और ज्यादा से ज्यादा स्कूलों के आर्डर लेने की फिराक में हैं। समूहों के नाम पर ये ठेकेदार यूनिफार्म का वितरण करने की तैयारी कर रहे हैं।
इन्होंने कहा...
कुछ नॉन बीपीएल छात्र-छात्राओं को बजट नहीं होने के कारण यूनिफार्म का वितरण नहीं हो सका था। बीपीएल परिवारों के विद्यार्थियों को यूनिफार्म दे दी गई थी।
- राम सागरपति त्रिपाठी, बीएसए।