कांवड़ियों का मेहमानों की तरह स्वागत करें
पुरकाजी। जमीयत उलमा ए हिंद संगठन की बैठक में सीओ सदर ने मुस्लिम समाज के लोगों से कांवड़ियों का मेहमानों की तरह स्वागत करने और कांवड़ मेले में हरसंभव सहयोग देने की अपील की।
मोहल्ला खेड़ा दरवाजा में मदरसा इस्लामिया अरबिया कासिम उल उलूम में आयोजित बैठक में सीओ सदर शिवराज सिंह ने कहा कि कांवड़िये लंबी यात्रा से थककर परेशान और चिड़चिड़े हो जाते हैं, ऐसे में अगर वह हमें कुछ कह भी देते हैं तो हमें उनकी बात को नजरअंदाज कर उनका मेहमानों की तरह स्वागत कर हरसंभव सहयोग करना है। इससे पूर्व संगठन के जिला महासचिव कारी जाकिर हुसैन ने कहा कि संगठन के लोग कांवड़ मेले में मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में कांवड़ियों का सहयोग कर रहे हैं। बैठक की अध्यक्षता कारी जाकिर हुसैन और संचालन कारी आरिफ ने किया। बैठक में कारी मोहम्मद सादिक, कारी अब्दुल वाजिद, मुनीर खां, सलीम गौड़, सद्दू गाड़ा, हैदर गौड़, गुल्लू गौड़, इल्तफात, शाकिर, हाफिज अनस, मुंतजफिर, इरशाद, मोबीन खां, इकराम आदि मौजूद रहे।