मुजफ्फरनगर। पारा लगातार 40 के पार चल रहा है। सोमवार को 40.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण गर्मी से आम जनता हलाकान है। बाजार से लेकर यातायात व्यवस्था तक प्रभावित हो रही है। दोपहर के समय बाजार सुनसान हो जाते हैं।
जिले में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। पारा 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चल रहा है। आम आदमी गर्मी में पसीने-पसीने हो रहा है। बीच-बीच में अचानक विद्युत कटौती गर्मी में आदम आदमी की समस्या को बढ़ा रही है। भीषण गर्मी का असर यह है कि लोग अपने रुटीन के काम सुबह और शाम में कर रहे हैं। दिन में अपने घर में रहकर तेज धूप से बचाव कर रहे हैं। यही कारण है कि दिन में एक बजे से चार बजे तक बाजारों में सन्नाटा सा छा जाता है। ग्राहक नजर नहीं आता। यातायात व्यवस्था भी गर्मी के मौसम में प्रभावित होती है। दोपहरी के समय में रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर भी भीड़ नजर नहीं आती है। गर्मी के मौसम में शीतल पेय पदार्थो की डिमांड बढ़ गई है। गन्ने के जूस से लेकर मैंगो शेक तक बाजार में बिक रहा है। गर्मी का फल तरबूज और खरबूजा भी काफी मात्रा में बाजार में आ गया है।
चश्मा, टोपी की डिमांड
मुजफ्फरनगर। गर्मी के मौसम में तेज धूप से बचने के लिए लोग सिर पर टोपी और आंखों पर चश्मे का इस्तेमाल कर रहे है। बाजार में इन दोनो की डिमांड बढ़ गई है।