फर्जी खाता खोलने का आरोप
मुजफ्फरनगर। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी निवासी सूरज शर्मा ने कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि चार अगस्त को एक बैंक कर्मचारी ने उसका खाता आधार से लिंक करने के नाम पर आधार कार्ड व पैन नंबर लिया था। आरोप है कि कुछ समय पूर्व उसे पता चला कि उसके पैन नंबर व आधार कार्ड से ही शहर के आर्यसमाज रोड स्थित एक प्राइवेट सेक्टर के बैंक में सूरज शर्मा के नाम से ही फर्जी बैंक खाता खुलवाते हुए उससे रुपयों का लेनदेन किया जा रहा है। जानकारी मिलने पर सूरज ने संबंधित बैंक में पहुंचकर उक्त खाते के संबंध में जानकारी मांगी तो बैंक स्टाफ से इससे इंकार कर दिया। पीड़ित ने तहरीर देकर पूरे मामले में किसी बैंककर्मी की संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
एटीएम कार्ड बदलकर निकाले 25 हजार
मुजफ्फरनगर। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लद्दावाला निवासी नजमुद्दीन ने बताया कि उसका पोता अमान कुछ दिन पूर्व शहर के कुटेसरा अड्डे पर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गया था। आरोप है कि वहां एक व्यक्ति ने उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद आरोपी ने बैंक खाते से तीन बार में 25 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपी रुपये निकालते हुए एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।