जेल में बंदियों के परिजनों से बात करते डीजी जेल।
- फोटो : अमर उजाला
डीजी जेल पीवी रामा शास्त्री ने शुक्रवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। बंदियों के परिजनों से बातचीत के दौरान शामली की महिला ने जेल में अवैध वसूली की शिकायत की। आरोप लगाया कि गिनती कटवाने के नाम पर 21 हजार रुपये वसूले गए। डीजी ने जांच के आदेश दिए हैं। पूर्व विधायक शाहनवाज राना से मोबाइल मिलने के सवाल पर कहा कि प्रदेश की जेलों में सुरक्षा चक्र मजबूत किया जाएगा। शामली जेल का अगले तीन साल में निर्माण होगा।
डीजी जेल ने निरीक्षण भवन में डीएम उमेश मिश्रा व एसएसपी अभिषेक सिंह के साथ बैठक की। इसके बाद जिला जेल पर निरीक्षण के लिए पहुंचे। जेल अधीक्षक अभिषेक चौधरी ने बताया कि डीजी ने रेडियो स्टेशन, वीसी रूम, पाकशाला, हेल्थ एटीएम, कंप्यूटर रूम देखा। कितने बंदियों ने ऑनलाइन व कितने बंदियों ने कोर्ट में पेश होकर तारीख भुगती, इसकी जानकारी ली। पुस्तकालय में पुस्तकों की संख्या बढ़ाने को कहा।
महिला ने की अवैध वसूली की शिकायत
डीजी से झिंझाना क्षेत्र निवासी अनीसा ने शिकायत कर कहा कि वह अपने देवर मुसव्वर से मुलाकात करने आई है। उसने देवर की गिनती कटवाने के लिए 21 हजार रुपये दिए थे। अब गिनती काटने के नाम पर फिर पैसा मांगा जा रहा है। लिखित शिकायत लेकर डीजी ने डीआईजी जेल कार्यालय को जांच के आदेश दिए। बंदी इसरार ने स्वास्थ्य जांच को लेकर शिकायत की।
जेलों में मोबाइल को लेकर की जाती है मॉनिटरिंग
जेल का निरीक्षण कर प्रेसवार्ता में डीजी ने कहा कि सभी मंडलों की एक जेल का निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान यहां जो खामियां मिली हैं, उनमें सुधार के लिए कहा गया। जेल में पूर्व विधायक शाहनवाज राणा से मोबाइल बरामद होने के सवाल को वे टाल गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जेलों में मोबाइल फोन को लेकर मॉनिटरिंग की जाती है। सुरक्षा चक्र को मजबूत किया जा रहा है।
शामली जेल के बारे में ये कहा
अगले तीन साल में शामली में भी जेल का निर्माण शुरू हो जाएगा। 90 प्रतिशत जमीन अधिग्रहण कर ली है। उन्होंने ई प्रिजनर्स मैनेजमेंट सिस्टम मॉड्यूल प्रक्रिया को देखा। अवैध पैसा वसूलने के मामलों में शिकायत करने पर डीआईजी स्तर से कार्रवाई कराकर सजा कराना बताया। इस दौरान जेल अधीक्षक व जेलर राजेश कुमार भी मौजूद रहे।