शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने अपने चाचा मौलाना कल्बे सादिक के हाल ही के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि गुजरात दंगों के लिए मोदी को कोई अकेला इंसान माफ नहीं कर सकता बल्कि वहां की पीड़ित कौम और शरीयत ही उनकी सजा तय कर सकती है।
अमर उजाला से बातचीत में मौलाना ने सवाल उठाया कि बिहार में चेक बांटने वाले मोदी बताएं कि अपने सूबे में मारे बेगुनाह मुसलमानों को इमदाद की याद उन्हें क्यों नहीं रही?
नौगावां सादात में मजलिस में हिस्सा लेने आए मौलाना का मोदी व भाजपा के मुद्दे पर रुख बेहद कड़ा दिखा।
उन्होंने कहा कि मुसलमानों के लिए भाजपा खुली तो कांग्रेस चुप दुश्मन है। तीसरे मोर्चे की वकालत करते हुए बोले कि कौम को बस थर्डफ्रंट से उम्मीदें बची हैं।
दूसरे शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे सादिक के बयान पर जव्वाद बोले कि मोदी को गुजरात में हुए कत्लेआम के लिए कोई इंसान या उसके कहने पर माफ नहीं किया जा सकता।
हैरत होती है यह सोचकर कि बिहार में चेक बांटने वाले मोदी गुजरात में मारे बेशुमार और बेगुनाहों इमदाद देने क्यों नहीं पहुंचे?
मुजफ्फरनगर दंगे के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते आरोप लगाया कि उन्हें प्रशासन ने लोगों का दर्द सुनने के लिए वहां जाने नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि राहुल को गैर जिम्मेदार बयान के लिए मुस्लिम नौजवानों से माफी मांगनी चाहिए।