फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मूंढापांडे में जहर से युवक की मौत, पत्नी के प्रेमी पर हत्या का आरोप

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव में जहर के सेवन से तीस वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक जंगल में पड़ा मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। युवक के भाई ने मृतक की पत्नी के प्रेमी और उसके भाई पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। बुधवार शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर थाने पर पहुंच गए और कार्रवाई न होने पर हंगामा किया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर परिजन शव लेकर गांव चले गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी जहर से मौत होने की पुष्टि हुई है।
विज्ञापन

मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव निवासी युवक रामपुर स्थित फर्म में लकड़ी काटने का कार्य करता था। पंद्रह साल पहले बरेली जनपद के मीरगंज थानाक्षेत्र के गांव निवासी युवती के साथ फर्म कर्मी की शादी हुई थी। उसकी एक बेटी और दो बेटे हैं। फर्म कर्मी के भाई ने पुलिस को बताया कि मृतक की पत्नी के पड़ोसी युवक से प्रेम संबंध हैं। दोनों को कई बार रंगे हाथों पकड़ा गया था।
समझाने के बाद भी महिला और उसके प्रेमी ने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं। डेढ़ माह पहले भी दोनों को एक साथ पकड़ लिया था। इसके बाद युवक पत्नी को उसके मायके छोड़ आया था। तब मायके वालों ने उसकी बाइक तक छीन ली थी। भाई का आरोप है कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे पत्नी का प्रेमी और उसका भाई युवक को अपने साथ जंगल ले गए।
विज्ञापन

जंगल में बैठकर इन लोगों ने पहले उसे शराब पिलाई। इसके बाद उसे धोखे से जहर दे दिया। युवक की हालत बिगड़ने पर आरोपी मौके से भाग गए थे। युवक के भाई ने बताया कि वह अपने मामा के साथ मौके पर पहुंचा तो फर्म कर्मी जमीन पर पड़ा था। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। वह अन्य लोगों की मदद से अपने भाई को रामपुर लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती करने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह भाई को लेकर मुरादाबाद आ गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई और शव का पोस्टमार्टम कराया। बुधवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर से मौत होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद परिजन शव लेकर मूंढापांडे थाने पहुंच गए। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि तहरीर के आधार केस दर्ज किया जा रहा है। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव चले गए। पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद ने बताया कि केस दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें