मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में मंगेतर से मिलने आए एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि आरोपी उसे पीटते हुए एक मदरसे में ले गए और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया है। युवती के भाई ने मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने को थाने में तहरीर दी है।
मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें उसने बताया कि उसने अपनी छोटी बहन का रिश्ता बड़ी बहन के देवर के साथ तय किया है। जल्द ही दोनों की शादी होने वाली थी। तीन मार्च को मंगेतर युवती को कपड़े खरीदने के लिए पैसे लेने गांव के पास आया था। गांव के बाहर मंगेतर और युवती बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान वहां कुछ लोग पहुंच गए। उन्होंने दोनों को पकड़ लिया और पीटते हुए मदरसे में ले गए। युवक ने उन्हें बताया कि लड़की उसकी मंगेतर है। हम दोनों की शादी होने वाली है। आरोपियों ने पिटाई करते हुए वीडियो भी बना लिया। जिससे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना मिलने पर युवक के परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए और उन्होंने युवक को बंधक मुक्त कराया। घर पहुंचने पर युवक को उसकी पिटाई का वीडियो सोशल वायरल होने की जानकारी हुई तो उसने शादी करने से इनकार दिया है। मूंढापांडे थाना प्रभारी संजय पांचाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।