मुरादाबाद। डिलारी थानाक्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। उसने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने बताया कि सात साल पहले उसका निकाह कटघर के गोट गांव निवासी युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया गया था। पीड़ित ने बताया कि उसने ससुरालियों के खिलाफ डिलारी थाने में केस दर्ज करा दिया। केस अदालत में विचाराधीन है। पीड़ित ने बताया कि छह फरवरी को वह गोट गांव में अपने रिश्तेदार के घर गई थी। वहीं समझौते के बहाने पति ने बुला लिया और मुकदमा वापसी के लिए दबाव बनाया। महिला ने समझौता करने से इनकार किया तो आरोपी पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। एसएसपी ने कटघर थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। ब्यूरो