मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र के पुतली घर रोड मोहल्ले में संदिग्ध हालत में एक महिला की मौत हो गई। महिला के पिता ने पति और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मैनाठेर थानाक्षेत्र के जटपुरा निवासी प्रेम सिंह ने अपनी बेटी रीना उर्फ बेबी की शादी सात साल पहले बिजनौर के रूपपुर गांव निवासी जोगेंद्र कुमार के साथ की थी। जोगेंद्र अपने दोनों बच्चे और रीना को साथ लेकर मझोला के पुतली घर रोड मोहल्ले में रह रहा था। गुुरुवार को रीना की संदिग्ध हालत में मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मायके वाले यहां पहुंचे तो पता चला कि जोगेंद्र रीना की लाश लेकर अपने गांव रूपपुर चला गया है। पिता प्रेम सिंह ने रीना के पति और उसकी मां, पिता भाइयों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। सीओ इंदु सित्रार्थ ने बताया कि बिजनौर में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। महिला के पति ने तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।