पीड़ित सिपाही संदीप कुमार पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में रहता है। संदीप की पत्नी राखी ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराए केस में बताया कि 2016 में उसके पति संदीप की फेसबुक पर रितिका रोहिल्ला नाम की महिला से दोस्ती हो गई थी। दोनों की फेसबुक मैसेंजर पर बातें होती थीं।
इस दौरान पता चला कि महिला रितिका रोहिल्ला का असली नाम रेखा है और वो रुद्रपुर में अपने पति के साथ रहती है, जबकि वह मूलरूप से हरियाणा के झज्जर जनपद के बिठला की रहने वाली है।
राखी ने बताया कि वह अपनी सास की तबीयत खराब होने पर उन्हें देखने गांव गई थी। इसी दौरान महिला बहाने से पुलिस लाइन स्थित सिपाही के कमरे में पहुंच गई।
आरोप है कि रेखा उर्फ रितिका ने कोल्डड्रिंक्स में नशीला पदार्थ मिलाकर सिपाही को पिला दिया। इसके बाद आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना ली थी। इसके बाद महिला घर से सोने चांदी के जेवर नकदी लेकर चली गई। इसके बाद महिला और उसके पति सिपाही को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
आरोपी पति-पत्नी वीडियो और फोटो डिलीट करने की बात कहकर 4 लाख 80 हजार रुपये ठग चुके हैं। इसके बाद भी दंपती दस लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। राखी का कहना है कि इससे उसके पति अवसाद में आ गए हैं। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि सिपाही की पत्नी की तहरीर पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।