गायिका और डांसर सपना चौधरी के खिलाफ दर्ज परिवाद में शनिवार को एसीजेएम पांच दानवीर सिंह की अदालत में गवाह ने अपने बयान दर्ज कराए हैं। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए पांच जनवरी की तारीख नियत की है।
11 जून 2019 को रेलवे स्टेडियम में ‘हरियाणवी नाइट’ के नाम से डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। इसमें दर्शकों ने जमकर हंगामा किया तो कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा था। स्थिति काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा था।
इस कार्यक्रम को लेकर डॉ.रामेश्वर दयाल तुरैहा द्वारा सपना चौधरी के विरुद्ध कोर्ट में परिवाद दायर किया गया था। परिवाद में आरोप है कि इस कार्यक्रम में सपना चौधरी ने अश्लील डांस किया था। रात साढ़े दस बजे तक डीजे बजाकर सुप्रीम कोर्ट के दिशा निर्देशों का उल्लंघन भी किया था। अश्लील डांस से भीड़ बेकाबू हो गई थी।
पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था, देर रात तक शहर की ट्रैफिक व्यवस्था जाम का शिकार रही थी। इससे शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस कार्यक्रम में आयोजकों द्वारा सरकारी धन का दुरुपयोग करने व नियमों की धज्जियां भी उड़ाने का भी आरोप लगाया गया है।