मुरादाबाद में युवक को बचाता पुलिस कर्मी
- फोटो : वीडियाे ग्रैब
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड पर सोमवार दोपहर सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता(जेई) को एक युवती के साथ छेड़खानी के आरोप में पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। कोई लिखित शिकायत नहीं मिलने पर पुलिस ने जेई को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया।
सोमवार दोपहर करीब बारह बजे एक युवती मझोला क्षेत्र में मिलन विहार मोड़ के पास खड़ी थी। बताया जा रहा है कि वह ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान वहां एक व्यक्ति पहुंच गया और उसने युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। आरोप है कि युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान वहां लोग इकट्ठा हो गए।
उन्होंने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। आरोपी के कपड़े भी फट गए। कुछ युवकों ने पिटाई का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे पकड़कर थाने ले गई।
लोगों और पुलिस कर्मियों ने युवती से थाने चलने के लिए कहा लेकिन उसने कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया। उसने कोई लिखित शिकायत नहीं की। युवती ने यह भी बताया कि वह आरोपी को नहीं जानती है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सिंचाई विभाग में जेई है।
मझोला क्षेत्र में ही परिवार के साथ रहता है। इसकी जानकारी मिलने पर उसके परिजन भी थाने पहुंच गए। मझोला थाना प्रभारी विप्लव शर्मा ने बताया कि परिजनों ने जानकारी दी है कि वह जेई का मानिसक संतुलन ठीक नहीं है। मनोचिकित्सक से उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने डॉक्टर के पर्चें भी दिखाए हैं।