मुरादाबाद। जिला अस्पताल के बर्न प्लास्टिक यूनिट में संचालित टीकाकरण केंद्र को दस दिन बाद फिर से ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट कर दिया गया है। इससे बुजुर्गों को राहत मिली है। अब उन्हें टीकाकरण के लिए 56 कदमों के रैम्प पर चढ़ाई नहीं करनी होगी। बुजुर्ग पहले की तरह आसानी से टीकाकरण करा सकेंगे।
जिला अस्पताल के बर्न प्लास्टिक यूनिट की बिल्डिंग में टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। सात मई को इस केंद्र को बिल्डिंग की पहली मंजिल पर शिफ्ट कर दिया गया था। पहली मंजिल पर टीकाकरण कराने के लिए बुजुर्र्गों को खासी परेशानी हो रही थी। बुजुर्गों को करीब 56 कदमों के रैंप से गुजरना भारी पड़ रहा था। रैंप पर उतरने चढ़ने में बुजुर्गों का दम फूलने लगता है। ऐसे में इस उतार चढ़ाव से बचने के लिए कई बुजुर्ग बिना टीका लगवाए ही लौट जाते थे। इससे टीकाकरण भी प्रभावित हुआ। दस दिन बाद मंगलवार को केंद्र को फिर से ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट कर दिया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि बर्न यूनिट शुरू होने तक बुजुर्गों की सहूलियत के लिए टीकाकरण केंद्र को ग्राउंड फ्लोर पर शिफ्ट कर दिया गया है।