डॉ भीमराव अम्बेडकर अकेडमी में पासिंग आउट परेड की सलामी लेते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। करीब बारह माह ट्रेनिंग के बाद सोमवार को 72 डिप्टी एसपी यूपी पुलिस का हिस्सा बन गए। डा. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में सोमवार सुबह आयोजित हुई पासिंग आउट परेड में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने सर्वांग सर्वोत्तम चुनी गईं अलीगढ़ की सुकन्या शर्मा सहित अन्य उत्कृष्ट डिप्टी एसपी को सम्मानित किया।
मुरादाबाद स्थित डा. भीमराव आंबेडकर पुलिस अकादमी में डिप्टी एसपी के 86 वें बैच का प्रशिक्षण 20 अक्तूबर 2020 को शुरू हुआ था। इस बैच में 83 प्रशिक्षु डिप्टी एसपी ने आमद कराई थी। जिसमें से तीन का चयन पीसीएस में होने के कारण उन्होंने बीच में प्रशिक्षण छोड़ दिया था, जबकि एक महिला प्रशिक्षु ने बीमारी के कारण प्रशिक्षण छोड़ दिया था। सात प्रशिक्षु देर से आए थे, जिस कारण उनका रिजल्ट तीन माह बाद घोषित किया जाएगा।
72 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण पूरा किया। जिसमें 17 महिला प्रशिक्षु थीं। आउट डोर और इंडोर का प्रशिक्षण पूरा करने वाले पुलिस के नए अफसरों के लिए सोमवार को वो दिन आ ही गया जिसका वो और उनके परिजन साढ़े बारह माह से इंतजार कर रहे थे। जोश और जनता की सेवा के भाव से लबरेज डिप्टी एसपी पुलिस की वर्दी में मैदान पर उतरे तो अतिथि दीर्घा से तालियां गूंज उठीं।
सोमवार सुबह दस बजकर बारह मिनट पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे और उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने परेड की सलामी। इसके बाद डिप्टी एसपी की टोलियां मुख्य अतिथि के सामने से गुजरीं। इनके कदम ताल से मैदान भी गूंज उठा।
अकादमी के एडीजी जयनारायण सिंह ने सभी को अनुशासन व कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इंडोर विषयों और ओवर आल बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली अलीगढ़ निवासी डा. सुकन्या शर्मा को सर्वोत्तम सर्वांग चुना गया, जबकि शामली के विवेक जावला ने आउटडोर विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके बाद सीएम ने सुकन्या शर्मा, विवेक के अलावा प्लाटून कमांडर रवि खोखर व हर्ष पांडेय को पुरस्कृत किया।