मुरादाबाद। पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में दो सपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आरोपी सपा नेता सलाउद्दीन मंसूरी और जुल्फिकार अहमद के पार्टी विरोधी बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद दोनों को छह-छह साल केलिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। दोनों नेताओं ने ऑडियो को साफ्टवेयर से कट पेस्ट कर वायरल करने का आरोप लगाया है।
जुल्फिकार अहमद समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय सचिव हैं। सलाउद्दीन मूंसरी अल्पसंख्यक सभा के पूर्व प्रदेश सचिव हैं। सोशल मीडिया में सपा नेता सलाउद्दीन मंसूरी और जुल्फिकार अहमद के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। ये ऑडियो 19 मिनट 26 सेकेंड का है। जो विधानसभा की घोषणा से पहले की बताई जा रही है। इस ऑडियो में दोनों के बीच पार्टी विरोधी सियासी समीकरण का जिक्र हो रहा है। ऑडियो में पार्टी की चुनाव में क्या स्थिति होगी, किस दलों के बीच क्या समीकरण होगा का जिक्र किया गया है। बातचीत में सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विरुद्ध भी टिप्पणी की गई है। जिसे पार्टी विरोधी गतिविधि माना गया है। दोनों नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर सपा से छह-छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
- ऑडियो के बारे में शनिवार को जानकारी हुई। पार्टी के संविधान का उल्लंघन करते हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी और प्रत्याशियों के विरुद्ध सुनियोजित तरीके से षड्यंत्र रचने, नकारात्मक दुष्प्रचार करने का दोषी पाया गया है। जो अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसके लिए दोनों को तत्काल प्रभाव से छह-छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
- कुलदीप तुरैहा, महासचिव, सपा महानगर कमेटी
- ऑडियो को कट पेस्ट करके वायरल किया गया है। आवाज मेरी है, लेकिन कुछ अल्फाज मेरे नहीं ंहै। किसी ने साफ्टवेयर से एडिट करके ऑडियो वायरल किया है। ऐसा करने वालों का मकसद मेरी छवि खराब करना है। मेरी सियासी बढ़त को कुछ लोग पचा नहीं पा रहे हैं।
- सलाउद्दीन मंसूरी, पूर्व प्रदेश सचिव, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा
- मुझे निष्कासित कर दिया गया है। सोमवार को मैं अपना पक्ष रखूंगा। ऑडियो का कोई प्रमाण नहीं होता है, क्योंकि कोई किसी का भी आवाज निकाल सकता है। साफ्टवेयर से आवाज एडिट कर दिया जाता है।
- जुल्फिकार अहमद, राष्ट्रीय सचिव, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा
ऑडियो में आजम खां, पूर्वांचल के पूर्व सपा नेता का भी जिक्र
सपा नेता जुल्फिाकार अहमद और सलाउद्दीन मंसूरी के बातचीत के वायरल ऑडियो में जेल में बंद आजम खां और पूर्वांचल के एक पूर्व सपा नेता का भी जिक्र है। विधानसभा चुनाव में इन नेताओं का क्या कदम होंगे, इसपर भी चर्चा की गई है।