आठ दिन पहले डिलीवरी के दौरान हुई जच्चा-बच्चा की माैत को लेकर स्वास्थ्य विभाग गंभीर है। स्वास्थ्य टीम ने शनिवार को कुंदरकी में चकफाजलपुर संपर्क मार्ग पर अवैध रूप से संचालित रॉयल चाइल्ड क्लीनिक और जेएस क्लीनिक एवं जच्चा-बच्चा केंद्र को सील कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छापे के दौरान कुछ दवाइयों को कब्जे में लिया गया है। दोनों ही क्लीनिक अवैध रूप से संचालित पाए गए। जेएस क्लीनिक एवं जच्चा-बच्चा केंद्र में डिलीवरी होती थी तो बराबर के ही रॉयल चाइल्ड क्लीनिक में इलाज होने की जानकारी मिली है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ बरतरिया ने बताया कि दोनों क्लीनिकों पर बोर्ड भी रखे हुए थे, जिस पर क्लीनिक संचालकों की सीएमएस, ईडी, जीवाईएनई, बीएनआईएस, बीएएमएस, डीफार्मा, बीईएमएस आदि डिग्री भी लिखी हुई थी। लेकिन सीएमओ कार्यालय में पंजीकरण होने के अभिलेख मौके पर नहीं दिखाए गए हैं। इनके संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद