मुरादाबाद। मूंढापांडे थानाक्षेत्र की पुलिस ने रविवार को बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि उनके कब्जे से चार बाइकें भी बरामद की गई हैं। तीनों आरोपियों को पुलिस ने डियर पार्क के पास चेकिंग के दौरान पकड़ा, जबकि उनके तीन साथी फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने गिरोह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मूंढापांडे पुलिस रविवार को डियर पार्क के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो बाइकों पर छह लोगों को आते देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उनमें से तीन युवकों को पकड़ लिया, जबकि तीन फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से चोरी की गईं बरामद बिना नंबर प्लेट की होंडा शाइन और स्प्लेंडर बाइक बरामद हुईं हैं। इसके अलावा पल्सर और हीरो होंडा डीलक्स निशान देही पर बरामद हुईं हैं।
सीओ डॉ. गणेश कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अमानत हुसैन उर्फ राजा निवासी झंडे वाली मिलक, शमीम निवासी खानपुर लक्खी, मोसिम निवासी हला नगला हैं। गिरोह का मुखिया अशरफ और उसके साथी सुरेन्द्र निवासी हला नगला, फरमान निवासी नियामतपुर इकरोटिया फरार हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि वे विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी कर अशरफ को सौंप देते हैं। वह उन्हें अलग-अलग शहरों में बेच देता है। मूंढापांडे थाना प्रभारी नवाब सिंह का कहना है कि इस गिरोह के खिलाफ दो बाइक चोरी के मुकदमें दर्ज हैं। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।