अगवानपुर (मुरादाबाद)। अपराधियों के हौसले क्यों न बुलंद हों। जब पुलिस वाले ही घटनाएं दबाने में जुट जाएं। शेरुआ अगवानपुर चौराहे पर बुधवार रात चोरों ने परचून की दीवार काट कर नकदी समेत दो लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया था, जबकि घटनास्थल से मात्र सौ कदमों की चोरी पर पुलिस चेक पोस्ट है, जहां चौबीस घंटे पुलिस तैनात रहती है। इसके अलावा यूपी 112 की पीआरवी भी पास में ही खड़ी थी। इसके बावजूद चोर आसानी से फरार हो गए। दुकानदार ने पुलिस चौकी में तहरीर दी, लेकिन 70 घंटे बाद ही रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के शेरुआ अगवानपुर चौराहे पर पुलिस चेक पोस्ट से मात्र सौ कदमों की दूरी पर मुकेश कुमार विश्नोई का आवास है। मुकेश कुमार का परिवार मकान की ऊपरी मंजिल पर रहता है। जबकि भूतल पर बनी दुकान में वह किराना स्टोर चलाते हैं। मुकेश ने बताया कि बुधवार की रात वह दुकान बंद करने के बाद घर चले गए थे। रात में किसी समय चोर दीवार में कुंबल लगाकर दुकान में घुस गए और 40 हजार की नकदी समेत करीब 2 लाख रुपए का माल बटोर कर फरार हो गए।
मुकेश ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब छह बजे उनकी मां संतोष दुकान के बाहर साफ सफाई करने पहुंची, तो उन्होंने देखा कि दुकान के अंदर उजाला हो रहा था। दीवार में कुंबल लगा हुआ था। संतोष के शोर मचाने पर बेटा व अन्य परिजन भी नीचे आ गए थे। मुकेश कुमार ने बताया कि करीब सौ कदमों की दूरी पर पुलिस चेक पोस्ट है। जिस पर चौबीस घंटे पुलिस तैनात रही है। इसके अलावा यूपी 112 की पीआरवी वाहन भी खड़ी रहती है। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि उसने गुरुवार को ही पुलिस चौकी और थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने 70 घंटे बाद भी केस दर्ज नहीं किया है।
सीसीटीवी कैमरे तक नहीं किए पुलिस ने चेक
अगवानपुर। पीड़ित मुकेश घटना के बाद से पुलिस चौकी और सिविल लाइंस थाने के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आस पड़ोस के कई मकानों और दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरों लगे है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट लिखना तो दूर, अब तक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तक चेक नहीं की है
उच्च अफसरों को नहीं दी घटना की जानकारी
मुरादाबाद। दुकान में हुई चोरी की घटना की रिपोर्ट लिखना तो दूर। पुलिस चौकी स्तर से इस मामले की जानकारी उच्च अफसरों को नहीं दी गई। सिविल लाइंस थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मामले की जानकारी नहीं है। चौकी प्रभारी से मामले की जानकारी ली जाएगी।
घटना मेरी जानकारी में नहीं है। चौकी प्रभारी व थाना प्रभारी से जानकारी ली जाएगी कि अब तक रिपोर्ट दर्ज क्यों नहीं हुई है। जांच में अगर किसी पुलिस कर्मी की लापरवाही सामने आएगी तो उच्च अफसरों को इस संबंध में अवगत कराया जाएगा।
सागर जैन, एएसपी