मुरादाबाद। कुंदरकी थाने पर तैनात एक होमगार्ड ने सिपाही पर रायफल तानने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। पीड़ित होमगार्ड ने एसपी देहात को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
सिपाही पर अभद्रता और रायफल तानने का आरोप लगाने वाला होमगार्ड प्रेम सिंह कुंदरकी थाने में तैनात है, जबकि सिपाही अनिकेत की भी इसी थाने में तैनाती है। होमगार्ड ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि सोमवार रात वह सिपाही के साथ ड्यूटी कर रहा था। चाय की दुकान में किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप हैं कि सिपाही ने जातिसूचक शब्द बोलकर होमगार्ड को अपमानित किया। विरोध करने पर सिपाही ने होमगार्ड पर रायफल तानकर उसे जान से मारने की धमकी दी। एक अन्य सिपाही सतीश चंद्र ने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया। मंगलवार को उसने एसपी देहात को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक ग्राकीण विद्या सागर मिश्र ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।