केमरी में बंदरों के आतंक से लोग बेहद परेशान हैं। बंदरों के हमले के डर से एक वृद्धा अपनी छत से कूद गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल को मुरादाबाद के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
मोहल्ला चमारान केमरी निवासी शाहजहां (51) बुधवार की रात अपने घर की छत पर सो रही थीं। अचानक सुबह करीब पांच बजे कुछ बंदरों ने हमला बोल दिया। डर के कारण वृद्धा अपनी छत से कूद गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल अवस्था में उन्हें परिजन आननफानन में जिला अस्पताल ले गए। वहां से घायल को मुरादाबाद ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
गुरुवार को उन्हें परिजनों ने सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। क्षेत्र के लोग बंदरों के आतंक से बहुत परेशान हैं। पूर्व में कई बार नगर पंचायत अध्यक्ष से बंदरों से निजात दिलाने की मांग कर चुके हैं, मगर प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इससे पहले भी एक व्यक्ति इसी तरह छत से गिर कर घायल हो चुका है।