मुरादाबाद। दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और यूपी के विभिन्न शहरों में चल रहे सेक्स रैकेट को युवतियां मुहैया कराने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी राणा शेख उर्फ तारिक दास मूलरूप से कलकत्ता के राणा घाट का निवासी है। वह दिल्ली में रहकर देह व्यापार करवाता था। पुलिस का दावा है कि मुरादाबाद के पंद्रह से बीस लोग इसके संपर्क में थे।
पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मुरादाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमों ने 27 और 29 नवंबर को सिविल लाइंस और मझोला क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर सेक्स रैकेट पकड़े थे। दोनों मामलों में एक ही बात सामान्य थी कि राणा शेख उर्फ तारिक दास ने युवतियों को सैक्स रैकेट संचालकों के पास पहुंचाया था। एसएसपी बबलू कुमार ने इसकी तलाश में सीओ हाईवे डॉ. गणेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सिविल लाइंस, पाकबड़ा और एसओजी टीम लगा दी थी। सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपी की तलाश में दिल्ली तक पहुंच गई।
पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी राणा शेख को पकड़ लिया। वह नार्थ दिल्ली के जिला रोहिणी के विजय नगर थानाक्षेत्र के बुद्ध विहार में रह रहा था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूलरूप से कलकत्ता के राणा घाट निवासी है। दिल्ली में रहकर वह दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और यूपी के अन्य शहरों में युवतियों को भेजा करता था। मुरादाबाद के भी कई लोग आरोपी के संपर्क में थे। आरोपी ने पूछताछ में कबूला है कि वह विभिन्न राज्यों से दिल्ली आकर रहने वाली ऐसी युवतियां जिन्हें रुपयों की जरूरत होती थी। उन्हें रुपयों का लालच देकर देह व्यापार के लिए तैयार कर लेता था। इसके बाद अलग-अलग शहरों में सेक्स रैकेट चलाने वाले लोगों से संपर्क कर उन्हें युवतियां मुहैया कराता था। इसके लिए उसे पंद्रह से बीस हजार रुपये मिलते थे, जिसका आधा हिस्सा वह युवतियों को देता था। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। जल्द ही इसके अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।