मुरादाबाद। डीएम ने सर्किट हाउस सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व प्राप्ति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि मंडल के अन्य जनपदों से राजस्व प्राप्तियों में पीछे न रहें, इसको अधिकारी सुनिश्चित कर लें। उन्होंने राजस्व वादों की समीक्षा करते हुए पांच वर्ष से अधिक अवधि वाले वाद नायब तहसीलदार स्तर पर पेंडिंग होने पर उन प्रकरणों को तहसीलदारों को स्थानांतरित कर प्रकरणों को तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए।
एआरटीओ ने बताया कि उत्तराखंड परिवहन बसों से टैक्स की प्राप्ति नहीं हो रही है। विद्युत देय परिवहन निगम एवं खनन में लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति न होने पर डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत को विद्युत देय एवं आरसी की नियमित मानीटरिंग कराने के निर्देश दिए।
एडीएम वित्त एवं राजस्व को खनन में राजस्व प्राप्ति कम होने पर भट्टों की आरसी पर भी होमवर्क करने के निर्देश दिए। डीएम ने भू-माफिया और अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों को समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एडीएम प्रशासन सुरेंद्र सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रीति जायसवाल, सभी एडीएम, जिला एवं अर्थ संख्याधिकारी, परियोजना अधिकारी सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।