बुधवार को मझोला थाने की दो महिला कांस्टेबल दो किशोरियों को जिला अस्पताल में मेडिकल कराने लेकर गई थीं। यहां से मेडिकल रिपोर्ट लेने के बाद एक सिपाही केस की विवेचना कर रहे सीओ कोतवाली महेश चंद्र गौतम के कार्यालय चली गई थी, जबकि दूसरी सिपाही दोनों किशोरियों को लेकर ऑटो से गांगन तिराहा स्थित वन स्टॉप सेंटर जा रही थी।
मझोला क्षेत्र में दिल्ली रोड पर चौधरी चरण सिंह चौक के पास ऑटो रुकने पर बाजपुर निवासी 17 वर्षीय किशोरी नीचे उतर गई। उसके पीछे से सिपाही भी उतर गई। बताया जा रहा है कि किशोरी ने महिला सिपाही को धक्का दे दिया और भाग गई। महिला सिपाही ने दूसरी किशोरी को पकड़े रखा और फोन से उच्च अफसरों को इसकी जानकारी दी। तब पुलिस हरकत में आ गई और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किशोरी को पकड़ लिया।