मुरादाबाद। बरेली जोन की अंतरजनपदीय पुलिस एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मुरादाबाद और बरेली का दबदबा रहा। पुरुष वर्ग में मुरादाबाद के खिलाड़ी अव्वल रहे तो महिला वर्ग में बरेली की पुलिस खिलाड़ियों ने बाजी मारी। सर्वाधिक मेडल जीतने वाले मुरादाबाद के कन्हैया और शाहजहांपुर की पुष्पा चाहर को सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुना गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह और एसएसपी हेमंत कुटियाल ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
पुलिस लाइन में तीन दिवसीय अंतर्जनपदीय पुलिस एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ। तीसरे दिन के खेलों की शुरूआत में सौ मीटर दौड़ और रिले रेस का आयोजन किया गया। इसके बाद बैंड की धुन पर सभी नौ जिलों के महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने मार्चपास्ट किया। मुरादाबाद की पुरुष टीम और बरेली की महिला टीम को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। निर्णायक मंडल में एनआईएस कोच अभिषेक यादव, विनीत प्रजापति, सचिन यादव, अभिषेक वर्मा, गौरव शर्मा, स्पर्श झा, प्रिंस कौशिक, विशाल, अमित चौधरी, गौरव कश्यप, मिण सैनी, मानसी शर्मा, स्वाति पाल, फिरोज खान, सलीम खान, धीरज कुमार, रिटायर्ड एसआई करतार सिंह, एसआई चंद्रशेखर जोशी, पीटीआई सुधीर शर्मा और रविंद्र कसाना शामिल रहे। डीएम और एसएसपी ने निर्मायक मंडल के इन सदस्यों को भी सम्मानित किया।