उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में कैंटर ने मजदूरों से भरे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि कई गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देहात थाना इलाके के कांठ रोड पर देर रात तेज रफ्तार कैंटर ने मजदूरों से भरे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर ही दो मजदूरों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत में दो मजदूरों को मुरादाबाद रेफर कर दिया गया है।
सभी मजदूर नहर के निर्माणाधीन पुलों पर मजदूरी करते थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, कैंटर को कब्जे में लेकर नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
नौगांवा सादात थाना इलाके के जाजरू गांव में उदल सिंह का परिवार रहता है। उनका बेटा विपिन जनपद बिजनौर के स्योहारा थाना इलाके काजमपुर गांव स्थित अपनी ननिहाल में रहता था। उसके परिवार में पत्नी अंगुरी देवी के अलावा तीन बच्चे हैं। विपिन अपने अन्य साथी चरन सिंह, दिनेश कुमार, विजय पाल सिंह, बंटी उर्फ रूपचंद, नेतराम, नरपत, पीतम निवासी काजमपुर और आदेश निवासी मानपुर शिवपुरी थाना धामपुर बिजनौर के साथ निर्माणाधीन नहरों के पुलों पर मजदूरी करते थे।
मंगलवार को सभी मजदूर अमरोहा स्थित एक नहर पुल पर मजदूरी करके रात करीब नौ बजे ई-रिक्शा में सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। अभी उनका ई-रिक्शा अमरोहा से निकलकर कांठ रोड पर पेट्रोल पंप के करीब पहुंचा था। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार आईसर कैंटर ने ई-रिक्शा को सामने से टक्कर मार दी।