मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना इलाके में लापता बीटेक छात्र की बड़ी बेरहमी से हत्या की गई थी। धारदार हथियार से सिर और हाथ समेत अन्य स्थानों पर सोलह वार किए गए। इसके साथ ही पेट में शराब की टूटी बोतल भी घुसेड़ दी। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। उधर, पुलिस ने इस मामले में नामजद दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस अधिकारी इस मामले में हर पहलू पर जांच करने की बात कह रहे हैं।
मूंढापांडे थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर मुरादाबाद-लखनऊ हाईवे स्थित गांव गणेशघाट से करीब तीन सौ मीटर दूर एक खेत में युवक का शव पड़ा मिला था। किसान उस समय खेत में दवा छिड़कने गया था। किसानों ने ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी तो हड़कंप मच गया।
युवक के शरीर पर पर धारदार हथियार से वार किए गए थे और चेहरा भी एसिड डाल कर जलाया गया था। मौके पर पहुंचे लोगों व परिवार वालों ने उसकी शिनाख्त थाना बिलारी के ग्राम ढकिया नुरू निवासी वीरेंद्र सैनी के पुत्र सुधीर सैनी के रूप में की। सुधीर बरेली के एक कॉलेज से बीटेक कर रहा था।
गुरुवार सुबह वह घर से कॉलेज के लिए गया और उसके बाद से लापता हो गया। कुछ दिन पहले प्रेम प्रसंग को लेकर सुधीर का युवती के परिजनों से विवाद हो गया था। लिहाजा, सुधीर के परिवार वालों ने युवती के परिवार के दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।