मुरादाबाद। दिल्ली से आ रहे एक युवक को गुरुवार को कुछ लोगों ने पीटकर मुरादाबाद में रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से फेंक दिया था, जिससे उसके दोनों पैर कट गए
थे। शुक्रवार को घायल युवक के खिलाफ कुंदरकी में एक महिला ने दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, घायल युवक के भाई ने भी जीआरपी थाने में चार लोगों के खिलाफ
रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कुंदरकी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि आठ फरवरी को दुर्घटना में उसके पति की मौत हो गई थी। उसने अपने आठ साल के बेटे को आरोपी शाकिर की मसालों की दुकान पर लगा दिया था। आरोप है कि आरोपी महिला के बेटे को बुलाने के बहाने उसे घर आने लगा। उसने अपनी पारिवारिक मजबूरी बता कर उससे दो लाख रुपये भी उधार लिए। महिला का आरोप है कि पांच अगस्त को आरोपी ने उसे बहाने से अपने घर पर बुलाया। आरोप है कि इसके बाद महिला के साथ दुष्कर्म किया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी, जिसकी वजह से वह थाने नहीं जा सकी। महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने महिला मेडिकल परीक्षण भी कराया है। वहीं, दूसरी ओर युवक के भाई ने भी मुरादाबाद जीआरपी थाने में चार लोगों के खिलाफ मारपीट और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है। जीआरपी थाना प्रभारी सुधीर कुमार के मुताबिक, कुंदरकी थानाक्षेत्र के बब्बन, सद्दाम, बाबू और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।