रेल मुख्यालय एक जुलाई से नया टाइम टेबल लागू कर सकता है। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुरादाबाद से गुजरने वाली 20 ट्रेनों के समय में आंशिक बदलाव होने की संभावना है। साथ ही दोहरादून-आनंदविहार व देहरादून-लखनऊ वंदे भारत की यात्रा का समय भी घट सकता है।
पिछले चार साल में कई वंदे भारत ट्रेनें चली हैं। मुरादाबाद मंडल में कोटद्वार से दिल्ली तक नई ट्रेन भी चलाई गई। फ्रंट कॉरिडोर पर भी काम हुआ है। ऐसे में कुछ मालगाड़ियां डीएफसीसी वाली लाइन पर शिफ्ट हो गई हैं। इसलिए ट्रेनों के समय में बदलाव की गुंजाइश है।
मंडल के बिजनौर व धामपुर रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत के तहत विकास कार्य अंतिम चरण में है। मंडल के 19 स्टेशनों में से सबसे पहले इन दो स्टेशनों का काम पूरा हो जाएगा। 100 दिन के अंदर इनका उद्घाटन हो सकता है।
चंदौसी, रामपुर, नजीबाबाद, नगीना, शाहजहांपुर, कोटद्वार, बुलंदशहर आदि स्टेशनों पर भी अमृत भारत के तहत विकास कार्य चल रहा है। इनके बाद मुरादाबाद, बरेली, देहरादून स्टेशनों पर बड़े विकास कार्य होंगे।
इस बार टाइम टेबल जल्दी जारी हो सकता है। मुख्यालय के निर्देशों पर काम चल रहा है। पैसेंजर ट्रेनों का पुराना किराया फरवरी में बहाल हो चुका है। अब नंबर से जीरो भी हटा दिया जाएगा। - आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम