खून का रिश्ता होने के लिए जरूरी नहीं कि दो व्यक्ति एक ही परिवार के सदस्य हों, बल्कि जरूरत पड़ने पर किसी को अपना रक्त दान करके भी खून का रिश्ता जोड़ा जा सकता है। शुक्रवार को विश्व रक्तदाता दिवस के मौके पर अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से जिले में चार स्थानों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शहर में जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक रक्त दान होगा। इसके अलावा कांठ, ठाकुरद्वारा व बिलारी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रक्तदान शिविर लगेगा। जिले की समाजसेवी संस्थाओं व एनजीओ के सदस्य भी शिविर में आकर रक्तदान करेंगे। इसके अलावा कोई भी आम नागरिक शिविर में आकर अपना बहूमूल्य रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के लिए दान कर सकते हैं। रक्तदान करने वाले महादानियों को अमर उजाला फाउंडेशन व जिला अस्पताल की ओर से प्रमाण पत्र दिया जाएगा। भविष्य में यदि उन्हें रक्त की जरूरत होगी तो वे सरकारी ब्लड बैंक से निशुल्क रक्त प्राप्त कर सकेंगे। उन्हें बदले में रक्त भी नहीं देना पड़ेगा। तो आइए आज आप और हम मिलकर एक्सीडेंट में घायल मरीजों, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों, गर्भवती महिलाओं व रक्त के सभी जरूरतमंदों के लिए मदद का हाथ बढ़ाएं।