मुरादाबाद। मुरादाबाद जंक्शन से आगरा और मुंबई के लिए सीधी ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा। यह आश्वासन गुरुवार को मुरादाबाद दौरे पर आए उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने पत्रकार वार्ता में दिया। जीएम सीतापुर-रोजा रेलखंड के निरीक्षण के लिए मुरादाबाद आए थे। यहां उन्होंने रेल मंडल से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की।
मुरादाबाद से मुंबई के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं है, जबकि आगरा के लिए केवल एक साप्ताहिक ट्रेन सुशासन एक्सप्रेस है। जोकि कोरोना के कारण फिलहाल बंद चल रही है। यहां से आगरा और मुंबई जाने वाले यात्री कई वर्षों से सीधी ट्रेन की मांग कर रहे हैं। इस पर जीएम ने डीआरएम तरुण प्रकाश के माध्यम से सीधी ट्रेन चलवाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड तक भिजवाने की बात कही है। इसके अलावा जीएम ने मुरादाबाद मंडल से संबंधित अन्य कई मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि चार धाम यात्रा को सरल बनाने के लिए ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। इसके लिए 2021-22 के बजट में 4200 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। जबकि इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 16 हजार करोड़ रुपये है। सीतापुर-रोजा रेलखंड में निरीक्षण के बारे में जीएम ने बताया कि वहां ट्रैक दोहरीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिसे मार्च तक पूरा किया जाना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर डीआरएम तरुण प्रकाश, एडीआरएम मान सिंह मीना, सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा, सीनियर डीसीएम (फ्रेट) मोनू लूथरा, एसीएम नरेश सिंह, उत्तम शर्मा आदि मौजूद रहे।
इस वर्ष पूरा हो जाएगा सोनकपुर ओवरब्रिज
सोनकपुर ओवरब्रिज पर जीएम ने कहा कि इस वर्ष यानी दिसबंर 2021 से पहले पुल निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोनकपुर ओवरब्रिज का कार्य रेलवे और सेतु निगम मिलकर कर रहे हैं। इस पुल के नक्शे में कुछ बदलाव किया गया जिसके कारण कार्य देरी से शुरू हुआ। गौरतलब है कि रेलवे ने मार्च 2021 तक सोनकपुर ओवरब्रिज का निर्माण पूरा करने का दावा किया था।
सीतापुर-रोजा सेक्शन में कुल 80 किमी ट्रैक का होगा दोहरीकरण
जीएम ने बताया कि सीतापुर-रोजा सेक्शन में कुल 80 किमी ट्रैक का दोहरीकरण होना है। इस वित्तीय वर्ष में 40 किमी दोहरीकरण का कार्य पूरा हो जाएगा। जबकि शेष कार्य अगले वित्तीय वर्ष में किया जाएगा। गुरुवार को जीएम ने रोजा में लोकोशेड का भी निरीक्षण किया। माल ढुलाई बढ़ाने के लिए सीनियर डीसीएम (फ्रेट) मोनू लूथरा ने व्यापारियों के साथ बैठक की। इसके अलावा जहानी खेड़ा और जंग बहादुर गंज के बीच ओवरब्रिज के निर्माण कार्य का नारियल तोड़कर शुभारंभ किया।
नियमित ट्रेनें चलाने के लिए रेलवे तैयार, आदेशों का इंतजार
मुरादाबाद। नियमित ट्रेनों के परिचालन को लेकर जीएम ने रेल मंत्री पीयूष गोयल की बात दोहराई। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को लोकसभा में कहा था कि भारतीय रेलवे कोविड-19 से उत्पन्न स्थिती पर हर प्रकार नजर रखे हुए है और नियमित रेलगाड़ियों के परिचालन को बहाल करने के लिए हर प्रकार से तैयार है।
अपने इस भाषण से रेल मंत्री ने जल्द ही नियमित ट्रेनों का परिचालन शुरू करने के संकेत दिए, लेकिन कोई तिथि नहीं बताई। गुरुवार को जीएम आशुतोष गंगल ने भी यही बात दोहराई। गौरतलब है कि कोरोना से पहले मुरादाबाद रेल मंडल से प्रतिदिन लगभग 150 ट्रेनें गुजरती थीं। यहां से गुजरने वाली कुल मेल एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या 142 जोड़ी और पैसेंजर ट्रेनों की संख्या 58 जोड़ी है। फिलहाल छोटे स्टेशनों के यात्रियों को अधिक परेशानी हो रही है। उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए मुरादाबाद आना पड़ता है। यात्रियों की इस समस्या का समाधान जल्द होने की उम्मीद है।